मुंबई में बनी 14 फीट से ऊंची 39 हजार से ज्यादा झोपड़ियों पर एक्शन की तैयारी है। BMC ने कहा है कि 1 अक्तूबर से अगले 3 महीने तक वह ऐसी झोपड़ियों को तोड़ने का काम करेगा।
मुंबई में 14 फीट या उससे ज्यादा ऊंची झोपड़ियों और अवैध निर्माण के खिलाफ BMC अब सख्त कार्रवाई करने जा रही है। BMC प्रशासन के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक पूरे मुंबई में अवैध निर्माण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान, 14 फीट या उससे ज्यादा ऊंची झोपड़ियों को सीधे तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
मुंबई में 39 हजार से ज्यादा झोपड़ियां 14 फीट से ऊंची
BMC के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में करीब 2 लाख 23 हजार 150 झोपड़ियां हैं, जिनमें से 39 हजार 111 झोपड़ियां नियम तोड़कर 14 फीट या उससे ज्यादा ऊंची बनाई गई हैं। इनमें मुंबई सिटी की 3,343, वेस्टर्न सबर्ब की 4,536 और ईस्टर्न सबर्ब की 31,227 झोपड़ियां शामिल हैं।

1 अक्टूबर के बाद नहीं दी जाएगी मोहलत
BMC पहले ही 4 हजार 584 झोपड़ियों पर कार्रवाई कर चुकी है, जबकि 611 लोगों को नोटिस दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि 1 अक्टूबर के बाद अवैध निर्माण पर कोई मोहलत नहीं दी जाएगी।
अवैध निर्माण होने के वक्त क्या कर रहे थे अधिकारी- अबू आजमी
उधर, बीएमसी के इस फैसले का विरोध शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने कहा कि जब ये मकान 14 फीट से ज्यादा ऊंचाई तक बनाए जा रहे थे, तब क्या सरकार और प्रशासन सो रहा था? अधिकारियों की मिलीभगत के बिना यह सब संभव नहीं है।
अबू आजमी ने मुख्यमंत्री से की अभियान रोकने की अपील
अबू आजमी ने कहा कि अब जब ये घर 14 फीट से ज्यादा ऊंचाई तक बन चुके हैं, तो इंसानियत के नाते इन्हें तोड़ा नहीं जाना चाहिए। इन मकानों में बुजुर्गों और बच्चों की जिंदगी का सवाल है। सरकार को पहले इन परिवारों को एसआरए या किसी दूसरी आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराना चाहिए और उसके बाद ही कोई कार्रवाई करनी चाहिए। समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने मुख्यमंत्री से इस अभियान को रोकने की मांग की है।

Join Gurjarbhoomi Whats App Community by clicking the link follows… https://chat.whatsapp.com/Lq3zyzww3SV9hJK04b1VVA
For more details… Contact 9322529232 / 9324483455

