अहमदाबाद विमान हादसा, जिन लोगों के लिए आखिरी सफर साबित हुआ। उनके परिजन शोकाकुल हैं तो देश में इस हादसे को लेकर मातम पसरा हुआ है।
अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे में अब तक 297 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में सिर्फ एक यात्री की जान बच पाई है। मृतकों में 229 लोग यात्री थे, जबकि 12 विमान के क्रू मैंबर्स थे। इसके अलावा प्लेन क्रैश करने के बाद जिस मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा था वहां मौजूद 56 लोगों की भी जान चली गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हादसे वाली जगह पहुंच गए हैं। कल गृह मंत्री अमित शाह ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया था। इस बीच विमान हादसे की जांच भी तेज हो गई है। सरकार ने जांच के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई है।

नई नवेली दुल्हन की पहली उड़ान बन गई आखिरी, पति के पास पहुंचने से पहले खत्म हो गई जिंदगी

अहमदाबाद प्लेन हादसे में एक नवविवाहिता महिला की भी मौत हो गई। वह अपने पति के पास लंदन जा रही थी। खुशबू की शादी चार महीने पहले ही हुई थी।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित की भी मौत हो गई। खुशबू की अभी चार महीने पहले शादी हुई थी। वह पति के पास लंदन जा रही थी। खुशबू पहली बार विदेश जा रही थी लेकिन उसे क्या पता था यही उसकी जिंदगी की आखिरी उड़ान साबित होगी।

चार महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, बालोतरा जिले के अरबा गांव में पली बढ़ी खुशबू राजपुरोहित का चार महीने पहले जोधपुर के खरबेरा निवासी विपुल के साथ धूमधाम से विवाह हुआ था। खुशबू के पति विपुल राजपुरोहित लंदन के सरकारी अस्पताल में बतौर डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। विवाह के बाद विपुल लंदन चले गए। अब खुशबू राजपुरोहित अपने पति से मिलने के लिए लंदन जा रही थी। इस दौरान अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की घटना हुई और इसमें खुशबू की जान चली गई।
खुशबू का एयरपोर्ट के अंदर जाने का वीडियो आया सामने
इस बीच, खुशबू के एयरपोर्ट में प्रवेश करते हुए का वीडियो सामने आया है। इसके अलावा 4 महीने पहले विवाह समारोह के वीडियो भी सामने आए हैं। इन वीडियो को देखकर परिवार के लोगों के आंसू नहीं थम रहे। पूरे गांव का माहौल गमगीन है। हर कोई इस घटना के बाद स्तब्ध है।
लंदन में छुट्टियां मनाने जा रहा था आगरा का दंपति, विमान हादसे में गई जान, सांसद चाहर ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन

एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए जा रहा था। टेकऑफ करने के कुछ ही सेकंड बाद विमान हादसे का शिकार हो गया। एक को छोड़कर विमान में सवार सभी लोगों की जान चली गई।
गांव में लगा तांता
अपनी पत्नी के साथ वह टूर पर लंदन जा रहे थे। आगरा के दंपति प्लेन क्रैश में मौजूद होने की सूचना पर गांव में तांता लग गया। हालांकि, अभी उन्हें दंपति के बारे में ठोस जानकारी नहीं मिली है।

सांसद चाहर ने परिवार को दिया आश्वासन
गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जाने वाले प्लेन हादसे की सूचना परिवार के लोगों तक पहुंची घर में कोहराम मच गया। परिवार के सभी लोग सदमे में आ गए। आगरा की फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से सांसद राजकुमार चाहर परिवार के लोगों को साथ देने के लिए पहुंचे। साथ ही सांसद राजकुमार चाहर ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
विमान में सवार 241 लोगों की मौत
एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि गुरुवार को लंदन जा रहे उसके विमान के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई। विमानन कंपनी ने गुरुवार देर रात जारी एक बयान में कहा, ‘हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।’
सिर्फ एक यात्री की बची जान
बयान में कहा गया है कि एकमात्र जीवित व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है। उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान गुरुवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे।

