महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव बस कुछ ही हफ्ते दूर है। इस बीच आज की बड़ी घटना पर सबकी नजरें हैं। शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे आज औपचारिक रूप से अपने गठबंधन की घोषणा करने वाले हैं।
अगले महीने होने वाले महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल इस चुनाव के लिए अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं और वोटर्स को लुभाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इस बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम भी सामने आया है। करीब दो दशक बाद चचेरे भाई उद्धव ठाकरे (शिवसेना UBT) और राज ठाकरे (MNS) बीएमसी चुनाव के लिए एकजुट हो रहे हैं। आज दोनों भाई अपने गठबंधन का औपचारिक ऐलान करेंगे। दोनों नेता मुंबई के वर्ली स्थित होटल ब्लू सी में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की घोषणा करेंगे।
बता दें कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है, जो कि 30 दिसंबर तक जारी रहेगी। मुंबई समेत 29 महानगर पालिकाओं के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और काउंटिंग अगले दिन 16 जनवरी को होगी।

शिवसेना-बीजेपी की देर रात मीटिंग
एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के बीच देर रात एक लंबी मीटिंग हुई। करीब पांच घंटे तक चली इस चर्चा में मुंबई, ठाणे, KDMC, मीरा-भयंदर और नवी मुंबई नगर निगमों में गठबंधन बनाने पर फोकस किया गया। BMC के मामले में, दोनों पार्टियां लगभग 180 सीटों पर सहमत हो गई हैं, लेकिन करीब 40 सीटों पर विवाद अभी भी बना हुआ है। ठाणे नगर निगम में, बीजेपी सीटों का बराबर बंटवारा चाहती है, लेकिन शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना इससे सहमत नहीं है। बाकी सीटों के बंटवारे के मुद्दों को सुलझाने की कोशिश के लिए आज पार्टी नेताओं के बीच एक और मीटिंग होनी है। शिंदे गुट ने कहा है कि सीटों का बंटवारा आखिरी स्टेज में है और जल्द ही फाइनल होने की उम्मीद है।
भाजपा चुनाव व्यवस्थापन समिति की बैठक आज
भाजपा चुनाव व्यवस्थापन समिति की आज बैठक है। सुबह 10 बजे से मुंबई के प्रदेश पार्टी कार्यालय में होने वाली बैठक में मंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में चुनाव प्रचार, सभा, की रणनीति तय की जाएगी। सोमवार से भाजपा के उम्मीदवार महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।

पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया
मुंबई नगर निगम प्रशासन की ओर से पहले दिन 4165 फॉर्म बांटे गए हैं। पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। मुंबई नगर निगम चुनाव के लिए 23 तारीख से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
25 दिसंबर को मुंबई में कांग्रेस पार्लियामेंट्री कमेटी की बैठक
29 महानगरपालिकाओं के उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए 25 दिसंबर को मुंबई में कांग्रेस पार्लियामेंट्री कमेटी की बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस के सभी अध्यक्ष अपने-अपने महानगरपालिकाओं के उम्मीदवारों की सूची लेकर पहुंचेंगे।

बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाएंगे उद्धव-राज
2026 के महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे आज औपचारिक रूप से अपने गठबंधन की घोषणा करने वाले हैं। गठबंधन का ऐलान करने के पहले सुबह 11 बजे दोनों भाई बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाएंगे। वहां स्मृति स्थल पर पुष्पांजली अर्पित करेंगे और फिर ब्लू सी होटल के लिए रवाना होंगे जहां वो संयुक्त प्रेस कॉन्फेरंस को संबोधित करेंगे।
Join Gurjarbhoomi Group & get Daily Updates, News & Many more…
ગુર્જરભૂમિ ન્યૂઝપેપરની ફ્રી ઈ-કોપી રેગ્યુલર મેળવવા નીચે આપેલ લીંક પર ક્લિક કરો અને જોડાઓ ગુર્જરભૂમિના whatsapp કમ્યુનિટીમાં અને દરરોજ મેળવો તાજા સમાચાર અને બીજું ઘણું બધું https://chat.whatsapp.com/JBcuZPbs8c13mKBrrfFfga
For more details… Contact 9322529232 / 9324483455
